सिर्फ 26 साल की आलिया भट्ट को आज बॉलीवुड की मोस्ट सक्सेसफुल, सीरियस एक्ट्रेस माना जाता है। आज के दौर की नायिकाओं में आलिया का करियर ग्राफ सबसे शानदार...
सिर्फ 26 साल की आलिया भट्ट को आज बॉलीवुड की मोस्ट सक्सेसफुल, सीरियस एक्ट्रेस माना जाता है। आज के दौर की नायिकाओं में आलिया का करियर ग्राफ सबसे शानदार है। अभिनय उन्हें विरासत में मिला है। आलिया ने अभिनय की बारीकियों को अपनी मां सोनी राजदान व बहन पूजा के अलावा पिता महेश भट्ट से सीखा।
प्रियंका चोपड़ा बच्चों और स्ट्रीट डॉग्स के इर्द गिर्द बुनी फिल्म बना रही हैं। वह चाहती हैं कि आलिया इसमें, महज चार छह सीन वाला एक छोटा किरदार निभायें।आलिया तैयार भी हैं लेकिन अत्यधिक व्यस्तता के चलते उनकी डेट की समस्या आड़े आ रही है।
आलिया भट्ट इन दिनों जोया अख्तर की 'गली बॉय', अयान मुखर्जी की 'ब्रह्मास्त्रÓ के अलावा करण जौहर की अभिषेक बर्मन द्वारा निर्देशित माधुरी दीक्षित, संजय दत्त, वरूण धवन, आलिया भट्ट सोनाक्षी सिन्हा जैसे स्टार्स वाले, मल्टीस्टॉरर ड्रीम प्रोजेक्ट 'कलंक' में व्यस्त हैं। रनबीर कपूर आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन स्टॉरर 150 करोड़ के मेगा बजट वाली फैंटेंसी 'ब्रह्मास्त्र' 15 अगस्त 2019 को रिलीज होगी।
पिछले कुछ समय से आलिया और रनबीर कपूर के अफेयर के चर्चे आम हो चले हैं। सोनम कपूर की शादी के अवसर पर दोनों को एक साथ देखा गया। एक तरफ आलिया के मेंटर, करण जोहर उन्हें स्लो चलने की सलाह दे चुके हैं तो दूसरी तरफ आलिया के पिता महेश भट्ट ने उन्हें ज्यादा ऊंचे न उडऩे की हिदायत दी है। प्रस्तुत हैं आलिया भट्ट के साथ की गई बातचीत के मुख्य अंश:
अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का आपका बरसों पुराना सपना पूरा होने जा रहा है। उनके साथ काम करने के बारे में सोचकर आप कितनी नर्वस हैं ?
मैं नर्वस नहीं, बल्कि बहुत उत्साहित हूं। हर बार जब हम मिले तो मैंने यही सोचा कि हम कब एक साथ काम करेंगे और आखिरकार वह दिन आ ही गया। अमित जी बहुत ही स्नेही व्यक्ति हैं। वह हर किसी को कंफर्टेबल फील कराने की कोशिश करते हैं। वह जानबूझकर किसी को भी डराते नहीं हैं लेकिन जब आप एक दिग्गज के साथ काम कर रहे हों तो कुछ न कुछ नर्वस तो होना स्वाभाविक है।
क्रिटिक्स का मानना है कि अब तक आपने जो किरदार निभाये, उनमें 'राजी' वाला किरदार सबसे ज्यादा चैलेंजिंग था?
मैं हर नए किरदार को एक चैलेंज की तरह लेती हूं। मुझे अपनी हर फिल्म का किरदार चुनौतीपूर्ण लगता है। जब 'राजी' कर रही थी उस वक्त लगता था कि वह किरदार सबसे ज्यादा चैलेजिंग है लेकिन अब 'कलंक' कर रही हूं तो लगता है कि यह ज्यादा चुनौतीपूर्ण है। लेकिन 'राजी' का किरदार मेरे लिए थोड़ा ज्यादा टफ इसलिए था क्योंकि उसमें मुझे दो बार एक्टिंग करनी पड़ी, एक फिल्म के लिए और दूसरे एक पाकिस्तानी फौजी की पत्नी के तौर पर अपनी ससुराल में।
आपकी जो एक्टिंग रेंज है, उसे देखते हुए लगता है कि दूसरी एक्ट्रेसों की तरह आपको अंग प्रदर्शन करने बिकिनी पहनने या सैक्सी दिखने की कोई आवश्यकता नहीं है ?
इंडस्ट्री में जो ट्रेंड चल रहा है, मैं उससे दूर नहीं भाग सकती क्योंकि मैं भी इस इंडस्ट्री का हिस्सा हूं। यदि बिकिनी का रिवाज है तो इससे भला मैं कैसे बच सकती हूं। यदि पर्दे पर किसी को थप्पड़ मार सकती हूं तो भला किसी को किस करने में क्या परहेज करूंगी। मैं आज की पीढ़ी की लड़की हूं और अपनी लिमिटेशन्स को बेहतर तरीके से जानती हूं।
करियर की शुरूआत करते वक्त, आपने जितनी कामयाबी की कल्पना की थी, क्या आपने उस लक्ष्य को हासिल कर लिया है ?
मैं इस बारे में ज्यादा विचार नहीं करती क्योंकि फिल्मों में काम करने की, मेरी वजह करियर में सफलता हासिल करना नहीं रहा। मैं फिल्में कर रही हूं तो इसलिए कि मैं दिल से एक अभिनेत्री बनना और तरह तरह के किरदार निभाना चाहती थी।
एक्टिंग और सिंगिंग में आप किसके ज्यादा करीब हैं ?
मेरे दोनों ही करीब हैं लेकिन फिर भी यदि एक की बात की जाये तो एक्टिंग मुझे ज्यादा प्रिय है क्योंकि इसकी वजह से ही मैं सिंगिंग में अपना कदम रख सकी ।
एक मशहूर फिल्म मेकर की बेटी होने के बावजूद आपने होम प्रोडक्शन के बजाए बाहर की फिल्मों से करियर की शुरूआत की। अभी भी होम प्रोडक्शन की फिल्म से दूरी बनाए हुए हैं ?
मैं जब 17 साल की थी उसी वक्त मुझे फिल्मों में काम करने का अवसर मिल गया। हो सकता है कि यदि 25 साल तक मुझे वह अवसर न मिला होता, तब शायद मैं अपने डैडी से कहती कि वो मेरे लिए फिल्म बनाएं।
इतने सारे सीरियस और अलग अलग किरदार निभाने के बावजूद ऑडियंस ने आपको एक मैच्योर एक्ट्रेस के तौर पर स्वीकार नहीं किया है ?
हर किरदार में खुद को ढालना बेहद मुश्किल होता है। मेरा हर रोल एक दूसरे से अलग रहा है और उनमें खुद को ढालना उससे भी मुश्किल रहा। वैसे भी खुद को जज नहीं किया जा सकता। यह सच है कि मेरे खाते में मसाला से लेकर सीरियस हिट फिल्में आ चुकी हैं लेकिन मैं खुद को मैच्योर नहीं मानती क्योंकि मैं शक्ल से आज भी बच्ची नजर आती हूं।
आप 26 की हो चुकी हैं। शादी कब तक करने का इरादा है ?
मैं शादी के लिए कब राजी होऊंगी, यह इस बात पर डिपेंड करता है कि मैं अपना पार्टनर कब तक तलाश पाती हूं लेकिन उम्मीद करती हूं कि 2-3 साल के अंदर शायद मेरी शादी हो जायेगी।
क्या शादी के बाद भी आप अपना एक्टिंग करियर जारी रखना चाहेगी ?
मैं अपनी आखिरी सांस तक फिल्मों में ही काम करती रहना चाहती हूं। करीना कपूर के बाद अनुष्का शर्मा और सोनम कपूर अपनी शादी के बाद जिस तरह से अपने करियर को आगे बढ़ा रही हैं, उसने मेरा यह डर पूरी तरह खत्म कर दिया है कि शादी के बाद एक एक्ट्रेस का करियर खत्म हो जाता है। मुझे यकीन हो चला है कि मैं भी आराम से शादी कर सकती हूं।
आप अब तक दो हीरोइन वाली फिल्मों से बचती रही हैं। फिर ऐसे में आपने मल्टी स्टॉरर 'कलंकÓ कैसे साइन की ?
यह आप कैसे कह सकते हैं। मैं पहले भी मल्टी स्टॉरर या एक से ज्यादा हीरोइनों वाली फिल्में कर चुकी हूं। मैंने कभी भी इस तरह की फिल्म रिजेक्ट नहीं की जिसमें दो हीरोइन हों बल्कि मैं चाहती हूं कि मैं इस तरह की फिल्में ज्यादा से ज्यादा करूं। आप जितना ज्यादा दूसरे एक्टर्स के साथ काम करेंगे उतना ज्यादा आपको सीखने को मिलेगा। मुझे मल्टी हीरोइन प्रोजेक्ट में काम करते हुए बड़ा मजा आता है।
'बद्रीनाथ की दुल्हनियां' की कामयाबी के बाद आपने एलान किया था कि आप भविष्य में वरूण धवन के साथ काम नहीं करेंगी। ऐसे में उनके साथ 'कलंकÓ किस मजबूरी के चलते साइन की ?
अव्वल तो मैंने कभी कहा नहीं कि मैं वरूण के साथ काम नहीं करूंगी। हां उस वक्त मैंने इतना अवश्य कहा था कि हमारी जोड़ी को ऑडियंस इतना पसंद करती है कि कभी कभी मुझे डर लगने लगता है। दूसरी बात कि 'कलंक' में मैं जो किरदार करने जा रही हूं, वह ऐसा है कि उसके लिए इंकार करना एक बड़ी मूर्खता होती।
-सुभाष शिरढोनकर



