घर की शान में चार चांद लगाते हैं इनडोर प्लांटस, यह तो सच है पर इस सच्चाई को कायम रखने के लिए इन पौधों को उचित देखभाल की आवश्यकता होती है। तभी इनकी...
घर की शान में चार चांद लगाते हैं इनडोर प्लांटस, यह तो सच है पर इस सच्चाई को कायम रखने के लिए इन पौधों को उचित देखभाल की आवश्यकता होती है। तभी इनकी सुंदरता बरकरार रहती है। वैसे तो आर्टिफिशियल प्लांटस भी घर की शोभा बढ़ाते हैं पर नेचुरल प्लांटस की बात कुछ और होती हैं।
आजकल अपार्टमेंट के युग में आंगन तो अधिक बड़े होते ही नहीं कि बागवानी का मजा लिया जाए तो लोगों ने घर के अंदर पौधों को रखना शुरू कर दिया ताकि अपने शौक को पूरा कर सकें। इंडोर प्लांटस लगते तो सुंदर हैं पर देखभाल मांगते हैं। आइए देखें इनकी देखभाल कैसे की जाए कि उनकी सुंदरता और हरियाली कायम रहे।
पौधों को पानी दें:- इनडोर प्लांटस में भी पौधों को पानी देने की आवश्यकता होती है पर इन पौधों में पानी बड़ी बुद्धिमतापूर्वक डालना चाहिए ताकि पौधे अधिक सीलन के कारण सड़ न जाएं। सर्दियों में तो इन्हें बहुत कम पानी की आवश्यकता होती है। गर्मियों में पानी थोड़ा अधिक चाहिए होता है। पानी की मात्रा का प्रयोग समझदारी से किया जाए तो पौधों की वृद्धि और हरियाली बनी रहती है।
औजारों का प्रयोग सुरक्षित तरीके से करें:- चाहे इनडोर प्लांटस हों या आउटडोर प्लांटस, इनकी सुरक्षा और वृद्धि हेतु औजारों का प्रयोग तो करना ही पड़ता है, इनकी छंटाई, गुड़ाई और कटिंग हेतु। इसके अतिरिक्त पत्तों पर पानी और कीटनाशक दवा का छिड़काव भी करना होता है। इनडोर प्लांटस में तो और आवश्यक होता है कि कैसे छिड़काव किया जाए।
हेअर स्प्रे वाले पॉट से पौधों के पत्तों पर पानी का स्प्रे करें और पौधे को पानी में डुबो कर न रखें। इनडोर प्लांटस में नीचे छोटे बाउल और टब में कुछ पेब्ल्स डालकर पानी भर दें। ऊपर पौधे का पॉट रखें ताकि अप्रत्यक्ष रूप से पौधे की जड़ों को पानी मिलता रहे। ऊपर से पत्तों पर हल्का स्प्रे करें। सूखे पत्ते कैंची से काट कर निकालें और साथ कटिंग भी करते रहें। इससे पौधों का सही विकास होगा।
उचित रोशनी:- पौधों को खिड़की के पास रखें ताकि उन्हें नेचुरल रोशनी मिलती रहे।
उचित तापमान:- अधिकतर प्लांटस को 13-23 सेंटीग्रेड तापमान की आवश्यकता होती है पर इससे अधिक तापमान इनडोर प्लांटस की वृद्धि को रोकता है। कुछ फूल और पत्तों वाले पौधों को इससे भी कम तापमान की आवश्यकता होती है।
सफाई नियमित करें:- मुरझाई और पीली पत्तियों को एकदम हटा दें, न केवल इसलिए कि वे पौधे की शोभा कम करती हैं बल्कि पौधे की वृद्धि के लिए भी उचित है। पत्तियों की धूल मिट्टी भी साथ साथ हटाते रहें, छोटी पत्तियों वाले पौधे को शावर कर सकते हैं। बड़ी पत्तियों को स्पंज कर मिट्टी हटा सकते हैं।
- मेघा गाबा

