इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई क्षेत्र में एक महिला ने अपनी सास पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। जिले के पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने...
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई क्षेत्र में एक महिला ने अपनी सास पर फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। जिले के पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने बुधवार को यहां बताया कि यह घटना भागीपुर गांव में मंगलवार शाम को हुयी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक घर पर बदमाशों ने हमला कर महिला की हत्या कर दी है और लूट करके फरार हो गये हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस के आला अफसर जब फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे तो सत्यवती नाम की महिला का शव मिला। पुलिस को पड़ोसियों और अन्य ग्रामीणों से बातचीत करने पर शक हुआ कि यह मामला लूट का नहीं है। इस पर परिजनों से जब कड़ाई से पूछताछ की गयी तो पता चला कि महिला के मझले बेटे छोटेलाल की पत्नी सरिता ने फावड़े से सास की हत्या कर दी है।
छोटेलाल ने पुलिस को बताया कि उसकी मां और पत्नी का विवाद होता रहता था। इसी वजह से शादी के कुछ महीने बाद ही पिता ने उन्हें घर से अलग कर दिया था।
छोटेलाल की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धारा 302 और 379 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके पास से मृतक के जेवर और अन्य सामान बरामद किये गये हैं।


