गाजियाबाद में सिलेंडर फटने से मकान ढहा, पांच लोग घायल


गाजियाबाद। विजयनगर थानाक्षेत्र के सुदामापुरी स्थित लालक्वार्टर में शनिवार सुबह सिलेंडर फटने से दो मंजिला मकान ढह गया, जिसमें दो बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ समेत दमकल की गाड़ियां ने मलबे में दबे दो मासूम समेत पांच लोगों को एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें तीन की गंभीर हालत को देखते हुए जीटीबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

सुदामापुरी स्थित लालक्वार्टर में वाजिद पत्नी और दो छोटे बच्चे के साथ रहता है। शनिवार सुबह वाजिद की पत्नी रजिया खाना बना रही थी तभी अचानक सिलेंडर फट गया, जिसके धमाके से दो मंजिला इमरात ढह गई। इस हादसे में ऊपर के हिस्सें में रह रही एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। तुरंत ही विजयनगर पुलिस सहित सिटी मजिस्ट्रेट, एनडीआरएफ व दमकल विभाग की गाड़ियों भी मौके पर पहुंची और बचाव राहत कार्य शुरू किया।

इस दौरान मकान के गिरे मलबे में दबे वाजिद(40), रजिया(35) और उनके दो बच्चे बेटा उवेश, बेटी मुवेश सहित ऊपर के मकान में रह रही सविता को निकालकर एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने वाजिद, रजिया व उमेश को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया।

क्षेत्राधिकारी धर्मेन्द्र चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सिलेंडर फटने का है। सिलेंडर वाजिद के मकान में फटा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Share it
Top