स्मृति ईरानी के प्रत्याशी बनाए जाने पर अमेठी में जश्न, नहीं घुस पायेंगे 'नामदार'-भाजपा

स्मृति ईरानी के प्रत्याशी बनाए जाने पर अमेठी में जश्न, नहीं घुस पायेंगे नामदार-भाजपा



अमेठी। गुरुवार रात बीजेपी ने 17 वीं लोकसभा चुनाव के लिए यूपी से 29 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा किया। बीजेपी नेतृत्व ने केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी पर पुनः अमेठी से दांव खेला है।

अमेठी से स्मृति के नाम की घोषणा के बाद जिला इकाई के भाजपाईयों की ख़ुशी होली के दिन दो गुनी हो गई। भाजपाई सड़क पर उतर आए और आतिशबाजी कर भारत माता की जय-जयकार लगाया।

इस बीच मीडिया से बात करते हुए बीजेपी जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री दीदी स्मृति इरानी को पुनः लोकसभा अमेठी से प्रत्याशी बनाये जाने पर हम सभी केंद्रीय नेतृत्व का हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार इतिहास लिखने को अमेठी तैयार है।

उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि अब यहां "नामदार" नहीं घुस पायेंगे, क्योंकि हम अमेठी के "चौकीदार" चौकन्ने हैं। साथ ही उन्होंने एक नारा भी दिया अबकी है अमेठी तैयार, दीदी स्मृति अबकी बार। उधर टिकट की घोषणा के बाद केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने ट्विटर वाल पर अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ने की ज़िम्मेदारी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष अमित शाह एवं संगठन के सभी वरिष्ठ नेताओं का धन्यवाद प्रकट किया है।

उन्होंने लिखा है कि अमेठी से कमल खिलाकर संसद में भाजपा को मज़बूत करना मेरे लिए गर्व की बात होगी। उन्होंने ये भी लिखा कि उन्हें अमेठी का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान मिला, अमेठी के कार्यकर्ताओं का प्यार मिला। अब कमल का फूल खिलाना है, नया इतिहास बनाना है।

Share it
Top