
सिरसा। हरियाणा के सिरसा में आज होली मिलन समारोह में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आपातकाल में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा...
सिरसा। हरियाणा के सिरसा में आज होली मिलन समारोह में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आपातकाल में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी कांग्रेस को नहीं बचा पायीं तो प्रियंका गांधी कैसे बचायेंगी कांग्रेस को ।
उन्होंन यहां भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित समारोह में कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की और लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को हौंसला दे गए। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस द्वारा एक रथ में सवार होकर चलने के कदम को अच्छा विचार बताते हुए कहा कि इसकी संभावना नजर नहीं आ रही।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए कांग्रेस,जेजपी तथा आम आदमी पार्टी के एक मंच पर आने के बयान पर प्रतिक्रिया में कहा कि थोथा चना बाजे घना। उन्होंने सबसे पहले पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सत्तारूढ़ दल का काम अपनी उपलब्धियों को जनता के सम्मुख रखना है जबकि विपक्ष का काम उनकी आलोचना करना ।अब जनता को देखना है कि वे किसको पंसद करते हैं। उन्होंने टिकट वितरण के सवाल पर कहा कि अभी चुनाव में काफी समय है,पार्टी स्तर पर इसका काम चल रहा है। उन्होंने इनेलो सहित किसी अन्य दल से भाजपा के गठबंधन की बात को सिरे से नकार दिया।
इससे पूर्व पार्टी पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि सिरसा में भाजपा का एक भी विधायक नहीं है इसलिए यहां कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाने का निर्णय लिया। इसके अलावा कैथल,घरोंडा व करनाल में भी होली मनाने की बात कही। उन्होंने साथ ही चुटकी ली कि मैं अपने विधानसभा क्षेत्र करनाल भी जाऊंगा कहीं ऐसा न हो कि मैं ऊपर उडता रहूं और नीचे कुछ ओर हो जाए जिस पर कार्यक्रम में हंसी के ठहाके लगे। उन्होंने पार्टी नेताओं में बढ़ रही गुटबंदी पर चिंता जाहिर करते हुए इसे दूर करने का कहा और साथ ही उपस्थित कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि यदि नेता ऐसा नहीं करते तो आप इनको एकजुटता के लिए मजबूर कर दो।
उन्होंने होली पर्व का महत्व बताते हुए कहा कि होली गिले-शिकवे दूर करने मतभेद तथा मनभेद मिटाने का पर्व है। राष्ट्रीय,सामाजिक लक्ष्य के लिए टकराव को छोड़कर को छोड़कर भाईचारा अपनाएं क्योंकि टकराव का दोनों ही पक्षों को नुकसान होता है। इसी वर्ष लोकसभा तथा विधानसभा चुनाव हैं।
श्री खट्टर ने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर वोट मांगेगी। उन्होंने पुलवामा घटना का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की सेनाओं को छूट दी जिसकी बदौलत पाक के आतंकवादी अड्डों को ध्वस्त किया गया जिसे पूरे विश्व ने सराहा है।
उनके अनुसार केन्द्र सरकार ने स्वामीनाथ आयोग के मुख्य बिंदुओं को अमलीजामा पहनाया है। हरियाणा सरकार पांच एकड़ वाले छोटे किसानों को छह हजार की मदद देगी। सिरसा से उप-प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री तक रहे लेकिन जितना विकास भाजपा शासन के चलते सिरसा का हुआ उतना कभी पहले नहीं हुआ ।

