रेलवे ट्रैक से उतरे हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस के चार डिब्बे, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

रेलवे ट्रैक से उतरे हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस के चार डिब्बे, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं



सोनीपत/पानीपत। दिल्ली सराय रोहिला से कालका जा रही हिमालयन क्वीन एक्सप्रेस के चार डिब्बे बुधवार सुबह करीब साढ़े 6- 7 बजे के बीच में सोनीपत के गन्नौर व पानीपत के समालखा रेलवे स्टेशन के बीच स्थित भोड़वाल माजरी स्टेशन पर उतर गए।

इस घटना से दिल्ली-अंबाला रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। दिल्ली से चलने वाली कई ट्रेनें सोनीपत रेलवे स्टेशन व अंबाला, चंडीगढ़ तथा अमृतसर से चलने वाली कई ट्रेनें कुरुक्षेत्र, करनाल व पानीपत रेलवे स्टेशन पर रोकी गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही सोनीपत जीआरपी व पानीपत जीआरपी टीम मौके पर पहुंचे। रेलवे की रेस्क्यू टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

होली के पर्व पर छुट्टी होने के कारण दिल्ली से कालका, चंडीगढ़, अबाला व कुरुक्षेत्र के यात्रियों की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। फिलहाल रेलवे ट्रैक से डिब्बों के उतरने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक से उतरने के बाद ट्रेन के पिछले चार डिब्बे करीब एक किलोमीटर बाद रुके। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। आपातकाल के लिए लगाई चेन ने भी कार्य नहीं किया।

Share it
Top