किसानों ने सर्वसम्मति से लिया फैसला, 'मुआवजा नहीं तो भाजपा को वोट नहीं'

किसानों ने सर्वसम्मति से लिया फैसला, मुआवजा नहीं तो भाजपा को वोट नहीं




शहीद संदीप के परिजनों को 1.50 लाख की सहायतार्थ राशि देेंगे किसान

फरीदाबाद। नहरपार के 19 गांवों के किसानों ने रविवार को भतौला गांव की पंचायत में किसान संघर्ष समिति नहरपार फरीदाबाद के प्रधान अमरचंद चंदीला की अध्यक्षता में बड़ा फैसला लिया व सर्व सम्मति से कहा 'मुआवजा नहीं तो भाजपा को वोट नहीं'। पंचायत का संचालन समिति के संयोजक सत्यपाल नरवत ने किया।

पंचायत में तिगांव से विधायक ललित नागर भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र के किसानों की मुआवजे की बात सात दिन के विधानसभा सत्र में तीन बार उठाई। पंचायत में उन्होंने वह क्लिप भी दिखाई, जिसमें वे मांग को जोरशोर से उठा रहे हैं और कैप्टन अभिमन्यु वित्तमंत्री उनका जवाब दे रहे हैं।

बैठक में किसान नेता रणवीर चंदीला भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जो सरकार किसानों के लगातार प्रदर्शन करने के बाद भी उनकी बात नहीं सुन रही है, ऐसी सरकार को वोट नहीं देनी चाहिए और उनके प्रत्याशियों का चुनावों में बहिष्कार किया जाना चाहिए।

समिति के प्रधान अमरचंद चंदीला व संयोजक सत्यपाल नरवत ने बताया कि समिति ने आंदोलन अभी समाप्त नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधि उनकी मांगों का बातचीत करके समाधान कराते हैं तो समिति बातचीत करेगी और अगर समाधान नहीं होता तो नहरपार के 19 गांवों के किसान भाजपा को वोट नहीं देंगे और गांवों में उनके प्रत्याशियों का बहिष्कार भी किया जाएगा।

इस मौके पर समिति ने पायलट अभिनंदन वर्धमान को पाकिस्तान से भारत जल्दी वापस लाने पर केंद्र सरकार की कूटनीति की प्रशंसा की और कहा कि देश की सुरक्षा के मामले में सभी किसान देश व सरकार के साथ है। इस पंचायत में फैसला किया कि शहीदों के लिए जो एक लाख 51 हजार रुपये की राशि चंदा के रूप में इकठ्ठा की है व समिति के पदाधिकारी कल अटाली जाकर शहीद संदीप के परिजनों को सौंपेंगे।

पंचायत में राजकुमार आर्य, जगबीर सरपंच, अरुण त्यागी, मास्टर मामचंद, उदयवीर नागर, धीरज यादव, भूप सिंह, विजयपाल चौहान, सतवीर भोपानी, संतराम, प्रकाश नरवत, मेजर जगत सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे।


Share it
Top