सीबीएसई की परीक्षाएं शनिवार से

सीबीएसई की परीक्षाएं शनिवार से


पलवल । सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं दो मार्च से शुरू हो रही हैं, जबकि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं सात मार्च से होंगी।

सीबीएसई की 10वीं की परीक्षाएं 30 मार्च तक और 12वीं की परीक्षाएं तीन अप्रैल तक चलेंगी। 12वीं की परीक्षा सुबह 10:30 बजे शुरू होगी, लेकिन परीक्षार्थियों को 10 बजे तक परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं सात मार्च से शुरू होंगी। सात मार्च को 12वीं कक्षा का अंग्रेजी विषय का पेपर है, जबकि आठ मार्च को 10वीं के छात्रों को अंग्रेजी की परीक्षा देनी है।

होडल के अग्रसेन पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल दीपिका चौधरी ने शुक्रवार को बताया कि सीबीएसई ने परीक्षाओं को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए जाते वक्त स्कूल यूनिफॉर्म में जाना होगा। पिछले साल तक एडमिट कार्ड पर छात्र और प्रिंसिपल के सिग्नेचर होते थे, लेकिन इस साल पैरंट्स के सिग्नेचर के लिए भी एक कॉलम बनाया गया है। साथ ही छात्र एक पारदर्शी बैग में अपना पेन और जरूरत की स्टेशनरी ले जा सकते हैं। विद्यार्थियों को केवल अपने स्कूल का कार्ड और सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के एडमिट कार्ड ले जाने की अनुमति होगी। परीक्षा हॉल में कोई लिखित सामग्री, पर्स, मोबाइल फोन या स्मार्ट घड़ियों की अनुमति नहीं है।

Share it
Top