गंगा यात्रा के जरिये जनता जनार्दन के दिलों में जगह बनाने निकली कांग्रेस महासचिव...भाजपा से ऊब चुकी है जनता, चाहती है बदलाव: प्रियंका

प्रयागराज। गंगा यात्रा के जरिये जनता जनार्दन के दिलों में जगह बनाने निकली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की जनता केन्द्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार से ऊब चुकी है और खुद के हितों की रक्षा के लिये बदलाव की पक्षधर है।

प्रयागराज से वाराणसी की तीन दिवसीय 'जल मार्ग' यात्रा के पहले पड़ाव सिरसा में श्रीमती वाड्रा ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा 'आप हैं तो हम हैं, हम आप से हैं, आप हमसे नहीं। आप अपने लिए सरकार चुनिए। देश आपका है, देश की हिफाजत आप करेंगे, देश की जिम्मेदारी आप की है। आप लोग अपने को बदलिए।' उन्होंने कहा कि आप लोग बहुत ऊंचा मंच तैयार कर नेताओं को उस पर बैठाते हैं और खुद नीचे बैठते हैं। यह ठीक नहीं है। हम आप से हैं, आप हमसे नहीं। आप नहीं होते तो हम सब (नेता) नहीं होते। देश आप का है। इसकी सुरक्षा करना आप का दायित्व है। जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उसके दु:ख- दर्द को समझना होगा।' पार्टी महासचिव ने कहा कि मौजूदा सरकार चार या पांच लोगों द्वारा चलाई जा रही है, जिन्होंने सोचा था कि वे जो चाहेंगे वह कर सकते हैं, लेकिन यह उनकी भूल है। यही चार-पांच लोग आम जनता को गुमराह कर सत्ता पर काबिज रहना चाहते हैं। यह समय-समय पर जाति और धर्म की राजनीति कर आप लोगों को आपस में लड़वाते हैं। जनता इन सब से ऊब चुकी है और अब बदलाव चाहती है। श्रीमती वाड्रा ने कहा कि देश किसी की जागीर नहीं है, जिसे जो जैसा चाहेगा वैसा ही करेगा। उसे जनता को जवाब देना होगा। उन्होने लोगों से 'जागो और देश को बचाओ' की अपील की। अब नहीं जागोगे तो बहुत पछताना पड़ेगा। उन्होने कहा, 'मैं आप लोगों के बीच आप की समस्याओं को सुनने, समझने और उसका निराकरण कैसे हो' इसके लिए आयी हूं। क्या आप के बीच कोई नेता आया, नहीं,। प्रधानमंत्री पूरी दुनिया में घूम सकते हैं, लेकिन आप लोगों के बीच आने के लिए उनके पास समय नहीं है। उन्होने कहा कि ऐसी सरकार का क्या फायदा जिसके शासन में आवाज उठाने वाले की आवाज ही दबा दी जाए।' श्रीमती प्रियंका गांधी ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा, 'अब तक वह घर पर बैठती थी, लेकिन अब उन्हे देश और संविधान बचाने के लिए बाहर आना पड़ा, क्योंकि दोनों खतरे में हैं। आप हमारा साथ दीजिए, हम आप की सभी समस्याओं का निराकरण करने का वादा करते हैं। अपने लिए सरकार चुनिए। इस चुनाव में आप बहुत बड़ा निर्णय देंगे। उससे आप और आप के परिवार का भविष्य सवंरेगा।' उन्होंने कहा 'आने वाले चुनाव में जब आप राहुल गांधी का हाथ मजबूत कर कांग्रेस को विजयी बनायेंगे, आप खुद देखेंगे आप का विकास होगा। आप लोगों की समस्याओं का निरकरण होगा। आज जो आवाज दबा दी जा रही हैं, तब आप की आवाज ही देश की आवाज होगी।' इस बीच लोगों ने ''प्रियंका गांधी जिन्दाबाद, सोनिया गांधी जिंदाबाद' के नारे लगाये। कांग्रेस महासचिव ने कहा आज उनकी सभी सभाओं में भीड़ इस बात का प्रमाण है कि जनता शासन में बदलाव चाहती है, क्योंकि वर्तमान सरकार जनता की समस्याओं को सुनने के लिए तैयार नहीं है, बल्कि उसने आम आदमी की आवाज को दबा दिया है। आप के दिल में एक आशा है और उस आशा को मैं समझती हूं। आप को आशा है कि अगली सरकार आए जो आप के प्रति जवाबदेह हो, आप की समस्याओं को समझे, आप आवाज उठाए तो उस पर अमल किया जाए। श्रीमती प्रियंका ने भीड़ को सम्बोधित करते हुए ऐसी सरकार को वोट देने की अपील की जो जनता की बात सुने। उन्होने भीड़ से पूछा ,''क्या जनता उस सरकार को वोट देगी, जिसके नेता ने प्रत्येक बैंक खाते में 15 लाख रुपये वापस करने और दो करोड़ लोगों के लिए नौकरी देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि राजस्थान और मध्यप्रदेश में कांग्रेस वहां पर जनता के हित का कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश में सत्ता में आने के 10 दिनों के भीतर किसान के ऋण माफी का वादा पूरा किया, यह पक्का इरादा था जुमले नहीं। आप लोग 'जुमलों' पर विश्वास नहीं करें। जुमलों पर सरकारें नहीं चला करती। श्रीमती गांधी ने लोगों से कहा मैं चाहती हूं, मेरा आग्रह है, इतनी धूप में आप ने मेरा इन्तजार किया, मेरी बातों को अपने मन में रखिए, जिस दिन चुनाव आएगा, अपने देश का मजबूत बनाइए, अपने आप को मजबूत बनाइए, जागरूक रहिए, देश आपका है, संभाल कर आगे बढि़ए। इसके बाद उन्होंने जनता के साथ तीन बार जय हिन्द, जय हिन्द, जय हिन्द'' के नारे दिए।

Share it
Top