
करनाल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि जनता अब जानती है कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा किसके हाथों में सुरक्षित है और वह चाहती...
करनाल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि जनता अब जानती है कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा किसके हाथों में सुरक्षित है और वह चाहती है कि देश की सत्ता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथों में आए और श्री नरेंद्र मोदी पुन: प्रधानमंत्री बनें।
श्री खट्टर ने आज यहां विजय संकल्प बाईक रैली को रवाना करने से पूर्व एक कार्यक्रम में अपने सम्बोधन में यह बात कही। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आहवान किया कि उन्हें अपने अंदर जोश भरना होगा, घर-घर जाकर आम नागरिक, सगे सम्बंधी, रिश्तेदारों से वोट की अपील करनी होगी, तभी यह सपना साकार हो सकेगा। इससे पहले यहां मौजूद बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें पुष्प अर्पित किये। मुख्यमंत्री ने इसी मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश ग्रोवर को भी श्रद्धांजलि दी। इस बाइक रैली में करीब दो हजार पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मुख्यमंत्री स्वयं भी बाइक चलाकर करीब 12 किलोमीटर तक रैली में शामिल हुए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ता आराम से न बैठें क्योंकि पार्टी का लक्ष्य लोकसभा में 400 सीटों से अधिक का आंकड़ा पार करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश की रक्षा, सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी तथा देश की ओर उंगली उठाने वालों को कड़ा जवाब देगी। प्रधानमंत्री ने पुलवामा आतंकी हमले की घटना के बाद आतंवादियों से निबटने के लिये तीनों सेनाओं को खुली छूट दे दी है।
श्री खट्टर ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर पूरे देश में करीब 2500 स्थानों से विजय संकल्प बाइक रैली निकालकर देश की एकता एवं अखंडता बनाये रखने का संदेश दिया जा रहा है। इसके अलावा, चुनावी वर्ष होने के दृष्टिगत जनता को यह भी संदेश दिया गया कि देश श्री मोदी के नेतृत्व में ही सुरक्षित है।

