लद्दावाला से लापता अधिवक्ता समीर सैफी का शव मंसूरपुर क्षेत्र में मिला...सैंकडों लोगों ने शहर कोतवाली घेरी, बकरा मार्किट में भी कडी सुरक्षा, रास्ते सील

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला लद्दावाला से कई दिनों से लापता अधिवक्ता समीर सैफी का शव आज देर रात्रि में मंसूरपुर थाना क्षेत्र में मिल गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही मौहल्ला लद्दावाला में सनसनी फैल गयी। बडी संख्या में मृतक के परिजन व मौहल्लावासी शहर कोतवाली पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से लद्दावाला में पुलिस तैनात कर दी है। पुलिस ने अहतियात बरतते हुए नावल्टी चौराहे से बकरा मार्किट जाने वाले रास्ते को भी सील कर दिया है। एसएसपी के निर्देश पर कई थानों की फोर्स शहर कोतवाली से लद्दावाला तक तैनात कर दी गई है।

बताया जा रहा है कि मौहल्ला लद्दावाला निवासी अधिवक्ता समीर सैफी चार दिन पूर्व अचानक घर से लापता हो गये थे। अधिवकता के परिजनों ने शहर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर लापता अधिवक्ता की तलाश शुरू कर दी थी। बीते दिवस अधिवक्ता के परिजनों ने जिला बार संघ व सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ एसएसपी से मुलाकात कर समीर सैफी की बरामदगी की मांग की थी। एसएसपी अभिषेक यादव ने शहर कोतवाल अनिल कप्परवान को फोन कर तत्परता से अधिवक्ता समीर सैफी की बरामदगी के निर्देश दिये थे। पुलिस भागदौड में जुटी हुई थी, लेकिन आज देर रात्रि में मंसूरपुर क्षेत्र में पुलिस को एक शव पडा मिला होने की जानकारी मिली, जिस पर मंसूरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश के बाद शव की शिनाख्त लापता अधिवक्ता समीर सैफी के रूप में हुई। समीर सैफी का शव मिलने की सूचना जैसे ही मौहल्ला लद्दावाला में पहुंची तो सनसनी फैल गयी। शहर कोतवाली पुलिस ने तत्काल लद्दावाला व बकरा मार्किट के आसपास बडी संख्या में फोर्स तैनात कर दी, लेकिन फिर सैंकडों की संख्या में लोग लद्दावाला से शहर कोतवाली पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्टे्ट अतुल कुमार, सीओ हरीश भदौरिया व शहर कोतवाल ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। एसएसपी ने मौके पर कई थानों की फोर्स लगा दी है। मृतक समीर सैफी के परिजन व शहर कोतवाली पुलिस की टीम शव को लेने के लिए मंसूरपुर रवाना हो चुकी है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने शक के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लिया है।

Share it
Top