
कानपुर। जनपद में कलक्टरगंज थाना पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक शातिर अपराधी पकड़ा गया। उसका साथी भागने में सफल रहा।...
कानपुर। जनपद में कलक्टरगंज थाना पुलिस की बदमाशों से हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक शातिर अपराधी पकड़ा गया। उसका साथी भागने में सफल रहा। पुलिस ने घायल हालत में गिरफ्तार अभियुक्त को अस्पताल में भर्ती कराते हुए कार्रवाई शुरु कर दी है।
पुलिस अधीक्षक पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि भोर के समय कलक्टरगंज क्षेत्राधिकारी श्वेता यादव के नेतृत्व में थाना पुलिस गश्त कर रही थी। इस बीच गश्त इंस्पेक्टर कलक्टरगंज भोलू सिंह भाटी सीपीसी कालोनी की ओर पुलिस टीम के साथ गुजर रहे थे। तभी वहां मजार के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिये। पुलिस को देख युवक भागने लगे। आवाज देने पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरु कर दी।
इंस्पेक्टर के साथ पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली जा लगी। इस बीच उसका साथी मौका पाकर भाग निकला। गोली लगने से घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा व एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि अभियुक्त हनुमान मन्दिर के पास कोपरगंज थाना रायपुरवा निवासी अमन है।
एसपी पूर्वी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी पर जनपद के विभिन्न थाने में लूट, हत्या का प्रयास, शस्त्र अधिनियम के लगभग आधा दर्जन मुकदमें दर्ज हैं। घायल बदमाश को केपीएम अस्पताल में भर्ती कराते हुए आगे की कार्रवाई में पुलिस द्वारा की जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने फरार साथी का नाम करन उर्फ बब्लू, निवासी फतेहपुर जनपद के खम्बापुर बताया है। फरार साथी की तलाश में फतेहपुर की पुलिस से सम्पर्क करने के साथ ही उसके करीबियों का पता लगाकर गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं।