
संभल। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के नवनिर्वाचित सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क लोकसभा की दहलीज लांघने से पहले ही विवादों में घिर गये हैं।...
संभल। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) के नवनिर्वाचित सांसद डॉ. शफीकुर्रहमान बर्क लोकसभा की दहलीज लांघने से पहले ही विवादों में घिर गये हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी के खिलाफ पौने दो लाख मतों से जीत हासिल करने के बाद सपा सांसद ने पत्रकारों से कहा 'मैं वंदेमातरम को फालो नहीं करता हूं। यह कोई मुद्दा नहीं है। इससे पहले डा. वर्क सांसद रहते हुए वर्ष 2०13 में भी विवादित बयान देकर सुर्खियों रहे थे, जब उन्होने संसद में वन्देमातरम के समय वाक आउट कर दिया था हालांकि इसके चलते उन्हें चौतरफा विरोध झेलना पड़ा था। सपा सांसद से पत्रकारों ने सवाल किया था कि वह शपथ ग्रहण के समय तो वन्देमातरम गाएंगे, जिसके जवाब में डा बर्क ने वन्देमातरम न गाने की बात दोहरायी। उन्होने कहा कि जनमत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मंडल के पक्ष में गया है। मुरादाबाद मंडल से भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। लोकसभा चुनावों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जागरूक जनता ने संगठित होकर गठबंधन को स्वीकारा है। यह केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि समूचे देश के लिए मिसाल की बानगी है। उन्होंने कहा कि संभल में रेल सुविधाओं को पूर्व की भांति फिर से लोकसभा में उठाया जाएगा। मजबूत विपक्ष के तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जाएगी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश मे विकास के मुद्दों को उठाने के लिए फिर से आवाज बुलंद की जाएंगी।